Posted on 07 Apr, 2022 6:43 pm

विख्यात संगीतज्ञ मनीषी कुमार गंधर्व की स्मृति में 8-9 अप्रैल, 2022 को कुमार गंधर्व सम्मान अलंकरण और संगीत समारोह आयोजित किया जायेगा। यह संस्कृति विभाग की उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी, भोपाल द्वारा जिला प्रशासन देवास के सहयोग से मल्हार स्मृति मंदिर, देवास में प्रतिदिन शाम 7:30 बजे से होगा। समारोह के पहले दिन 8 अप्रैल को राष्ट्रीय कुमार गंधर्व सम्मान से कलाकारों को अलंकृत किया जायेगा।

समारोह के पहले दिन की शुरुआत दिल्ली की राष्ट्रीय कुमार गंधर्व सम्मान से अलंकृत सुश्री मीता पण्डित के गायन से होगी। इसके बाद कोलकाता की सुश्री बिम्बावती देवी और साथी मणिपुरी समूह नृत्य प्रस्तुत करेंगे। समारोह के दूसरे और अंतिम दिन सभा की शुरूआत पुणे के श्री अतुल खाण्डेकर के गायन से होगी। शाम की दूसरी प्रस्तुति राष्ट्रीय कुमार गंधर्व सम्मान से अलंकृत सुश्री सुचिस्मिता आचार्य एवं देवोप्रिया रणदिवे-ठाणे के बाँसुरी युगल की होगी। दोनों दिनों की संगीत सभाओं में सहयोगी कलाकार के रूप में तबले पर सर्वश्री मिथलेश कुमार झा, गांधार राजहस, रागेन्द्र सिंह सोलंकी, हारमोनियम पर सर्वश्री रवि किल्लेदार, दीपक खसरवाल एवं सारंगी पर कमाल अहमद संगत करेंगे।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश