Posted on 11 Nov, 2021 2:26 pm

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. श्री सुंदरलाल पटवा की जयंती पर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निवास स्थित सभागार में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने उन्हें स्मरण करते हुए कहा कि स्व. श्री सुंदरलाल पटवा के बिना मध्य प्रदेश की राजनीति की कल्पना नहीं की जा सकती। लगभग आधे दशक तक वे मध्यप्रदेश की राजनीति के केंद्र-बिंदु रहे। उनकी संगठन क्षमता और उनकी वक्तव्य कला का सब लोहा मानते थे। राजनीति और दलीय सीमाओं से ऊपर उठकर उन्होंने सबका आदर और सम्मान प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि संगठन को जन-जन तक ले जाने में उनके योगदान को हम भुला नहीं सकते। मेरे जैसे कार्यकर्ता तैयार करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि उनकी स्मृति को चिर-स्थाई रखने के लिए भोपाल में श्री सुंदरलाल पटवा की प्रतिमा लगाई जाएगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश की प्रगति और विकास को श्री पटवा ने नए आयाम प्रदान किए। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की कल्पना उन्हीं की थी। मुख्यमंत्री के नाते श्री पटवा ने प्रदेश के विकास और जनता के कल्याण में अमूल्य योगदान दिया। वे जनता के दिलों पर राज करते थे। उनकी सभा की घोषणा होते ही जन-समूह उमड़ पड़ता था। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मैं अपनी ओर से और प्रदेश की जनता की ओर से स्व. श्री पटवा के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूँ।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश