Posted on 12 May, 2022 5:53 pm

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को मंत्रालय में जल संसाधन, मछुआ कल्याण एवं मत्स्य-विकास मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने मध्यप्रदेश मत्स्य महासंघ की ओर से मत्स्य उत्पादन लाभांश का 5 करोड़ 11 लाख रूपए का चेक भेंट किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मंत्री श्री सिलावट और मत्स्य महासंघ को निरंतर उत्कृष्ट कार्य एवं प्रयास के लिए बधाई और शुभकामनाएँ दी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि ऐसे ही विकास कार्यों से प्रदेश की प्रगति और उन्नति होगी और हम आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण में सफल होंगे। प्रमुख सचिव मछुआ कल्याण तथा मत्स्य-विकास श्रीमती कल्पना श्रीवास्तव और मत्स्य महासंघ के अधिकारी उपस्थित थे।

राज्य शासन द्वारा मत्स्योद्योग विकास, रख-रखाव और मछली के व्यापार के लिए मत्स्य महासंघ को 2 लाख 31 हजार हेक्टेयर जल क्षेत्र सौंपा गया है। मत्स्य महासंघ के जलाशयों में मछली पकड़ने का कार्य, जलाशय के आस-पास रहने वाले स्थानीय परंपरागत मछुआरों को दिया जाता है। जलाशयों के निर्माण से विस्थापित और प्रभावित हुए व्यक्तियों को भी मछली पकड़ने के कार्य से जोड़ा जाता है। स्थानीय परंपरागत मछुआरों और जलाशयों के निर्माण से विस्थापित और प्रभावित व्यक्तियों की सहकारी समितियाँ बनाकर इन गतिविधियों का संचालन किया जाता है। साथ ही मछुआरों को उनके निवास स्थल के समीप ही जीविकोपार्जन के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं।

मत्स्य महासंघ के जलाशयों से उत्पादित मछली के लिए महासंघ 6 रूपए प्रति किलो की दर से राज्य शासन को रॉयल्टी का भुगतान करता है। इस व्यवस्था में मत्स्य महासंघ के जलाशयों से वर्ष 2021-22 में हुए उत्पादन के लिए 5 करोड़ 11 लाख रूपए की रॉयल्टी का भुगतान राज्य शासन को किया गया। मत्स्य महासंघ द्वारा मछुआरों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए अनेक गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश