Posted on 18 Jan, 2020 4:50 pm

जनसम्पर्क मंत्री श्री पी.सी. शर्मा ने  नया बसेरा, कोटरा में संजीवनी क्लीनिक का शुभारंभ किया। उन्होंने क्लीनिक में मरीजों को दी जाने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण भी किया। संजीवनी क्लीनिक में मरीजों के लिये 68 प्रकार की जाँच की सुविधा दी गई है। यहाँ दवाएँ निःशुल्क प्रदान की जाएंगी।

मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि संजीवनी क्लीनिक में पर्याप्त स्थान उपलब्ध है। यहाँ चिकित्सा सुविधाओं का और अधिक विस्तार किया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से कहा कि अपने घर और मोहल्ले में साफ-सफाई का ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि दक्षिण-पश्चिम विधानसभा में जो वार्ड सबसे ज्यादा स्वच्छ होगा, उस वार्ड के सफाई दरोगा और कर्मचारियों को एक लाख रुपए का पुरस्कार देंगे। श्री शर्मा ने कहा कि उन्होंने निजी तौर पर एक लाख रुपए पुरस्कार देने की यह घोषणा की है।

श्री शर्मा ने नया बसेरा बस्ती में 25 लाख रुपये लागत के नाली, सीसी रोड और उद्यान विकास कार्यों का भूमि-पूजन भी किया। पार्षद श्री मोनू सक्सेना ने वार्ड में  किये जा रहे विकास  कार्यों की जानकारी दी।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश