Posted on 04 Nov, 2021 4:02 pm

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने स्मार्ट उद्यान में सप्तपर्णी और गूलर का पौधा रोपा। खजुराहो सांसद श्री वी.डी. शर्मा भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सांसद वी.डी. शर्मा को उनके जन्म-दिवस की बधाई और शुभकामनाएँ दी साथ ही उनके जन्मदिन पर पौधा रोपा। मुख्यमंत्री श्री चौहान का स्मार्ट उद्यान में दीपावली के अवसर पर साफा पहनाकर अभिवादन किया गया। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री चौहान अपने संकल्प के क्रम में प्रतिदिन पौध-रोपण करते हैं। सप्तपर्णी, एक सदाबहार वृक्ष है। सप्तपर्णी एवं गूलर दोनों औषधीय वृक्ष हैं, जिनका आयुर्वेद में बहुत महत्व है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मीडिया के माध्यम से प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों के जीवन में सुख-समृद्धि और रिद्धि-सिद्धि आए और माँ लक्ष्मी की कृपा सदा बनी रहे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रगति और विकास के लम्बे सफर को प्रदेश जल्दी तय करें, जनता के कल्याण के कार्यों में हम सफल हों और सही अर्थों में आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश का निर्माण हम कर पाएँ यही कामना है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि हमारी सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश को परम वैभव के शिखर पर ले जाने में सक्षम है। हमें संपूर्ण समाज को साथ लेकर आगे बढ़ते जाना है।

प्रधानमंत्री श्री मोदी पर्यावरण को बचाने एवं धरती को सुरक्षित रखने में दुनिया का नेतृत्व कर रहे हैं

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि गोवर्धन पूजा के पीछे प्रकृति की पूजा का संदेश है, इसका उद्देश्य पर्यावरण बचाना है। लक्ष्य यह है कि आने वाले समय के लिए धरती सुरक्षित रहे। इसलिए प्रकृति पूजा अर्थात पेड़ों की पूजा और उन्हें बचाना आवश्यक है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जी-20 देशों के सम्मेलन में भी सबसे बड़ी चिंता यही रही कि धरती को कैसे बचाएँ। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने इसके लिए संकल्प व्यक्त किया है। पर्यावरण को बचाने एवं धरती को सुरक्षित रखने में प्रधानमंत्री श्री मोदी दुनिया का नेतृत्व कर रहे हैं। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री श्री मोदी का अभिनंदन करता हूँ। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश का यह संकल्प है कि कार्बन गैसों का उत्सर्जन शून्य करने और ग्रीन एनर्जी के उपयोग के लिए हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने की गोवर्धन पूजा पर पौधे लगाने की अपील

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि भारतीय संस्कृति में दीपावली के एक दिन बाद गोवर्धन पूजा की व्यवस्था है। इस अवसर पर हम पेड़ों की पूजा भी करेंगे और पौधे भी लगायेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेशवासियों से अपील की "गोवर्धन पूजा के साथ पेड़ों की पूजा करें और एक पौधा भी अवश्य लगाएँ, इससे ही पर्यावरण बचेगा"। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि हम सबको मिलकर यह कार्य करना होगा।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश