Posted on 03 Dec, 2017 8:02 pm

महिला-बाल विकास मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा है कि एनीमिया अर्थात खून की कमी से बचाव के उपायों की जानकारी देने के लिये प्रदेश में लालिमा दिवस मनाया जायेगा। परियोजना स्तर पर स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से एनीमिया जाँच के लिये शिविरों का आयोजन किया जायेगा और सर्वाधिक हीमोग्लोबिन और उचित बीएमआई के आधार पर किशोरियों और महिलाओं को पुरस्कृत भी किया जायेगा। साथ ही, 'पोषण से ही स्वास्थ्य' विषय पर परामर्श सत्र, लालिमा थाली प्रतियोगिता और प्रश्न मंच भी आयोजित होंगे।

लालिमा दिवस पर राज्य स्तर से सभी संभागों के लिये लालिमा रथ रवाना किये जाएंगे जो एनीमिया बाहुल ग्रामों में दस दिन तक भ्रमण कर एनीमिया से बचाव की जानकारी देंगे। लालिमा रथ ऑडियो-वीडियो तथा एलईडी के माध्यम से जानकारी देंगे और प्रिन्ट सामग्री भी वितरित करेंगे। चार दिसम्बर को प्रात: 11 से 12 बजे तक आकाशवाणी के सभी केन्द्रों पर फोन-इन कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसमें विषय-विशेषज्ञ एनीमिया के बचाव के उपायों की जानकारी देंगे।

उल्लेखनीय है कि एनीमिया यानी खून की कमी स्वास्थ्य की व्यापक समस्या है। यह मातृ मृत्यु तथा जन्म के समय बच्चों के कम वजन का कारण भी है। रक्त में आयरन की कमी से एनीमिया होता है, इससे हीमोग्लोबिन में गिरावट आती है। विटामिन-सी से ही शरीर में आयरन का अवशोषण होता है। भोजन में आयरन से भरपूर स्थानीय फल, सब्जियों के साथ-साथ आयरन के अवशोषण में सहायक विटामिन-सी से भरपूर स्थानीय फल, सब्जियाँ शामिल करने के संबंध में जानकारी देने और जन-सामान्य में इस विषय में जागरूकता लाने के उद्देश्य से ही प्रदेश में लालिमा अभियान संचालित किया जा रहा है।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent