Posted on 03 Aug, 2022 2:19 pm

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में “हर घर तिरंगा” अभियान से अधिक से अधिक नागरिकों को जोड़ा जाए। प्रत्येक मकान और प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहराने के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया जाए। केंद्र और राज्य शासन ने तिरंगे झंडों की आपूर्ति के लिए आवश्यक व्यवस्थाएँ की हैं। प्रदेश में जन-प्रतिनिधियों के सहयोग से अभियान को शानदार सफलता दिलवाने के प्रयास किए जाएँ। मध्यप्रदेश में 11 से 17 अगस्त तक निरंतर अभियान की गतिविधियाँ चलनी हैं। अभियान पर तीन दिन 13 से 15 अगस्त विशेष फोकस किया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री चौहान आज मंत्रालय में "हर घर तिरंगा" अभियान की तैयारियों की जानकारी प्राप्त कर रहे थे। मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के नगरों और ग्रामों में साइकल रैली, बाइक रैली, सरोवरों के निकट तिरंगे के साथ पैदल मार्च जैसे कार्यक्रम किए जाएँ। राजधानी भोपाल में भोजताल के पास भी कार्यक्रम कर जनता को जोड़ा जाए। युवाओं की भागीदारी के लिए शिक्षण संस्थान आगे आएँ। खेल संस्कृति विभाग सहित अन्य विभाग हर घर तिरंगा अभियान की कामयाबी के लिए सक्रिय भूमिका निभाएँ।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से नागरिक राष्ट्र भक्ति का परिचय देते हुए तिरंगे के साथ तस्वीर पोस्ट करें। ग्रामीण क्षेत्रों में स्व-सहायता समूहों की बहनें नेतृत्व करें। पुलिस बल, जन अभियान परिषद, अन्य स्वैच्छिक संगठन, रहवासी संघ, व्यापारिक प्रतिष्ठान आदि अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

शौर्य स्मारक पर भी जुटेंगे युवा

अभियान को सफल बनाने के लिए वातावरण निर्माण की गतिविधियाँ भी अभी से प्रारंभ की जा रही हैं। इस सप्ताह शौर्य स्मारक पर युवाओं की भागीदारी से राष्ट्र भक्ति गीत भी प्रस्तुत किए जाएंगे। पुलिस बैंड के साथ आमजन हाथ में तिरंगा लेकर एक पैदल मार्च में भी शामिल होंगे। पैदल मार्च में मुख्यमंत्री श्री चौहान भी शामिल होंगे। विभिन्न वार्डों के नागरिक और कार्यालयों से अधिकारी-कर्मचारी पैदल मार्च के निर्धारित रूट के अनुसार अपनी भागीदारी करेंगे।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent