Posted on 20 Aug, 2019 6:45 pm

ग्वालियर निवासी दिव्यांग सतेन्द्र सिंह लोहिया आज अमेरिका की कैटलीना चैनल पार करने वाले पहले एशियाई तैराक बन गये हैं। सतेन्द्र ने इंग्लिश और कैटलीना चैनल दोनों पार करने का एशियाई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

सत्येन्द्र ने माना आयुक्त जनसम्पर्क
श्री नरहरि का आभार

पैरा स्विमर सतेन्द्र ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय जनसम्पर्क आयुक्त श्री पी. नरहरि को दिया है। सतेन्द्र कहते हैं कि पिछले वर्ष जब उसे इंग्लिश चैनल पार करना था, तो शुरूआती दौर में उसे किसी ने मदद नहीं की थी। उस समय इंदौर के तत्कालीन कलेक्टर श्री पी. नरहरि ने हरसंभव सहायता की थी। सतेन्द्र ने संचालक खेल एवं युवा कल्याण डॉ. एस.एल. थाउसेन का भी आभार माना हैं। 

मध्यप्रदेश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार 'विक्रम अवार्ड' से सम्मानित सतेन्द्र ने 5 साथी खिलाड़ियों के साथ इण्डियन पैरा रिले टीम का नेतृत्व करते हुए 11 घंटे 34 मिनिट में कैटलीना चैनल पार किया। उस वक्त पानी का तापमान लगभग 13 डिग्री सेल्सियस था। इण्डियन पैरा स्विमिंग टीम ने 42 किलोमीटर तैराकी की शुरूआत रात 10.57 बजे सेंट कैटलीना आइलैण्ड से की। सुबह 10.30 बजे रांचो-पालो-वरदस लॉस एंजल्स पर तैराकी समाप्त की। वर्तमान में सतेन्द्र सिंह इंदौर में सेल्स टैक्स विभाग में कार्यरत हैं।

खेल मंत्री श्री जीतू पटवारी ने सतेन्द्र को इस उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि सतेन्द्र ने विश्व में प्रदेश और देश का नाम रौशन किया है।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश​​

Recent