Posted on 08 Dec, 2023 3:05 pm

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से आज मुख्यमंत्री निवास में नि:शक्तजन आयुक्त श्री संदीप रजक ने भेंटकर हाल ही में राष्ट्रपति से प्राप्त राष्ट्रीय अवार्ड की जानकारी दी। श्री रजक ने बताया कि मध्यप्रदेश को दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन, दिव्यांगजन के शिक्षण, पुनर्वास, रोजगार, स्वरोजगार, खेल और बाधा रहित वातावरण के निर्माण के क्षेत्र में बेहतर कार्य के लिए पुरस्कृत किया गया है। इसके साथ ही मध्यप्रदेश यूडीआईडी कार्ड बनाने में भी अग्रणी है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नि:शक्तजन आयुक्त एवं उनके विभागीय अमले को इस अवार्ड के लिए बधाई दी।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, भारत सरकार ने अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस, 3 दिसम्बर को नई दिल्ली में मध्यप्रदेश के नि:शक्तजन आयुक्त को दिव्यांग कल्याण क्षेत्र में श्रेष्ठ कार्य के लिए पुरस्कृत किया। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने ये पुरस्कार प्रदान किए। मध्यप्रदेश को सुगम्य भारत अभियान के क्रियान्वयन के लिए भी सम्मानित किया गया। मध्यप्रदेश में जिलास्तर पर चलित न्यायालय और विशेष बैठकों के साथ ही दिव्यांगजन की समस्याओं के निराकरण के लिए जनजागरूकता कार्यक्रम और शिविर लगाने की गतिविधियां भी संचालित हुईं। जिसके फलस्वरूप कल्याणकारी योजनाओं से दिव्यांगजन को जोड़ने में सफलता मिली। प्रदेश के शासकीय और अशासकीय संगठनों का सहयोग भी प्राप्त हुआ।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent