Posted on 21 Mar, 2022 7:22 pm

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से आज भोपाल के पूर्व महापौर श्री आलोक शर्मा और राज्य सामान्य निर्धन वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष श्री शिव चौबे के नेतृत्व में श्री गुर्जर गौड़ ब्राम्हण सांस्कृतिक संगठन न्यास, इन्दौर के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री निवास पर भेंट की।

प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री श्री चौहान का जन-कल्याणकारी निर्णयों और भारतीय सनातन परंपरा के अनुरूप प्रमुख पर्व अवकाश सूची में शामिल किए जाने की पहल के लिए अभिनंदन किया। प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों ने कहा कि इन्दौर जिले में स्थित जानापाव में सुविधाओं के विकास, भगवान परशुराम जी की जयंती पर सार्थक आयोजनों की शुरुआत और महार्षि गौतम जयंती, गुड़ी पड़वा, हिन्दू नववर्ष के अवसर पर राज्य शासन द्वारा विविध कार्यक्रमों को प्रोत्साहित किए जाने से सामाजिक समरसता में वृद्धि हुई है। दो वर्ष के कोरोना काल के बाद सभी पर्वों और त्यौहारों को उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री चौहान स्वयं जनजातीय वर्ग के साथ भगोरिया पर्व में शामिल हुए हैं। प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री श्री चौहान से आगामी वर्ष के कैलेण्डर में कुछ प्रमुख जयंतियों को जोड़ने का सुझाव भी दिया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान को न्यास द्वारा प्रकाशित वर्ष 2022-23 के भारतीय पंचांग की प्रति भी भेंट की गई। प्रतिनिधि मंडल में सर्वश्री अशोक कुमार शर्मा, आर.सी. शर्मा, चंद्रिका प्रसाद, अनिल मंडलोई, अरुण जोशी, सुरेन्द्र तिवारी, सिद्धार्थ तिवारी आदि शामिल थे।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश