Posted on 10 Apr, 2022 9:34 pm

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 11 अप्रैल को राज्य स्तरीय जल संसद एवं जल अभिषेक अभियान का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम रायसेन जिले की गैरतगंज तहसील के ग्राम कहुला में दोपहर 12 बजे से होगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान 5009 अमृत सरोवरों एवं पुष्कर धरोहर समृद्धि अभियान में 10 हज़ार कार्यों का शुभारंभ करेंगे। साथ ही प्रदेश के 60 विकासखंड में मुख्यमंत्री जल शक्ति अभियान की आयोजना का अनावरण भी करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री श्री चौहान दोपहर 12 बजे ग्राम कहुला में माता मंदिर में दर्शन करने के बाद कार्यक्रम स्थल पर कन्या-पूजन करेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान रायसेन जिले में अमृत सरोवर योजना में चयनित तालाब का भूमि-पूजन एवं कलश-पूजन के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ करेंगे।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री महेंद्र सिंह सिसोदिया द्वारा कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की जाएगी। दोपहर 12:40 बजे मुख्यमंत्री श्री चौहान जल संसद में उपस्थित सभी को जल-संरक्षण एवं जल-संवर्धन की शपथ दिलाएंगे। इसके बाद अमृत सरोवरों एवं पुष्कर धरोहर समृद्धि अभियान का शुभारंभ एवं जल शक्ति अभियान आयोजना का अनावरण करेंगे। कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, सहकारिता मंत्री श्री अरविंद भदौरिया, स्थानीय सांसद, विधायक उपस्थित रहेंगे।

ग्राम पंचायतों में निकलेंगी जल यात्रा

राज्य स्तरीय कार्यक्रम के पूर्व प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इसमें जल-संरक्षण और भू-जल संवर्द्धन के नवीन कार्यों का शुभारंभ होगा। साथ ही जल यात्राएँ भी निकाली जाएंगी। जलाभिषेक के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का विभिन्न संचार माध्यमों से लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश