Posted on 09 Nov, 2017 2:29 pm

 

स्कूल शिक्षा मंत्री श्री कुंवर विजय शाह ने कहा है कि राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिसर द्वारा आयोजित 44वीं जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय विज्ञान, गणित एवं पर्यावरण प्रदर्शनी-2017 का आयोजन भोपाल में होगा। स्कूल शिक्षा विभाग के सहयोग से आयोजित यह प्रदर्शनी 10 से 16 नवम्बर तक आरसीव्हीपी नरोन्हा प्रशासन अकादमी में लगाई जाएगी। प्रदर्शनी का उद्घाटन 10 नवम्बर को सायंकाल में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। कुंवर विजय शाह ने प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि देश के स्कूली विद्यार्थियों के बीच विज्ञान और गणित विषय में अभिरूचि बढ़ाने और वैज्ञानिक प्रवृत्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रदर्शनी का आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर किया जाता है। प्रदेश में यह प्रदर्शनी दूसरी बार आयोजित की जा रही है। इसके पहले 1987 में यह प्रदर्शनी जबलपुर में आयोजित की गई थी। उन्होंने कहा है कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को विज्ञान में नवाचार प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं। साथ ही विद्यार्थियों को यह समझने का मौका मिलता है कि देश की विभिन्न आर्थिक, सामाजिक समस्याओं के हल के लिये विज्ञान और गणित का उपयोग किस प्रकार प्रभावी तरीके से किया जा सकता है। इस प्रकार के आयोजन देश के विभिन्न भागों, भाषाओं, सस्कृतियों के मेल-मिलाप और परस्पर विचार-विमर्श का अवसर प्रदान करते हैं।

इस वर्ष की प्रदर्शनी का मुख्य विषय राष्ट्र निर्माण के लिय विज्ञान, प्रौद्योगिकी और गणित है। इसके अन्तर्गत स्वास्थ्य, उद्योग, परिवहन और संचार, संपोषणीय पर्यावरण विकास के लिये नवीनीकरण संसाधनों में नवाचार, कृषि उत्पादन और खाद्य सुरक्षा में नवाचार तथा गुणवत्तापूर्ण जीवन के लिये गणितीय समाधार संबंधी मॉडल सहभागियों द्वारा प्रदर्शित किये जाएंगे। प्रदर्शनी में देश के 29 राज्यों तथा 9 केन्द्र शासित प्रदेशों के 142 मॉडल प्रदर्शित होंगे। प्रदर्शनी 11 से 16 नवम्बर 2017 तक प्रात: 10.30 से 4.30 तक विद्यार्थियों और आमजन के लिये खुली रहेगी।

प्रदर्शनी के दौरान विभिन्न वैज्ञानिकों के व्याख्यान भी होंगे। इस क्रम में 11 नवम्बर को रीजनल कॉलेज के डॉ. व्ही.पी. गुप्ता, 12 नवम्बर को एन.आई.टी.टी.आर. के डॉ. पीयूष वर्मा, 13 नवम्बर को सी.एस.आई.आर. के डॉ. रावले, 15 नवम्बर को आर्यभट्ट संस्थान के श्री आलोक माण्डवगणे तथा 16 नवम्बर को एकल्व संस्थान के श्री माधव केलकर व्याख्यान देंगे।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा श्रीमती दीप्ती गौड़ मुखर्जी सहित राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद व स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent