Posted on 29 Nov, 2021 1:06 pm

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने स्मार्ट सिटी पार्क में प्लास्टिक मुक्त प्रदेश बनाने के लिए प्रतिबद्ध तथा इस दिशा में कार्यरत पर्व फाउंडेशन के राजेंद्र मदान, श्रीमती विमल मदान तथा श्री सचिन मदान के साथ करंज और गुलमोहर के पौधे लगाये।

मुख्यमंत्री श्री चौहान पर्यावरण संरक्षण की गतिविधियों में समाज की सहभागिता को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय संस्थाओं तथा व्यक्तियों के साथ प्रतिदिन पौधरोपण करते हैं। संस्था के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री श्री चौहान को पत्तों से निर्मित दोने-पत्तल का सेट भेंट किया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान को संस्था के सदस्यों ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी दी। पर्व फाउंडेशन स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्र में कार्यरत है। यह संस्था पिछले 2 सालों से लगभग 200 लोगों को मशीन से पत्तों से दोना-पत्तल और गोबर से गो काष्ट के निर्माण की ट्रेनिंग दे चुकी है।

संस्था का मानना है कि प्लास्टिक की प्लेट-कटोरी के स्थान पर पत्तों से निर्मित प्लेट व कटोरी के उपयोग से प्लास्टिक का उपयोग बड़ी सीमा तक कम किया जा सकता है। इस माध्यम से यह संस्था ग्रामीणों और जनजातीय भाई बहनों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध करा कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी सक्रिय है। संस्था द्वारा बैतूल में अपनी गतिविधियां संचालित की जा रहे हैं।

करंज चिकित्सा और पर्यावरण की दृष्टि से उपयोगी है। गुलमोहर को विश्व के सुंदरतम वृक्षों में से एक माना जाता है। गुलमोहर की पत्तियों के बीच बड़े-बड़े गुच्छों में खिले फूल, इस वृक्ष को अलग ही आकर्षण प्रदान करते हैं। गर्मी के दिनों में गुलमोहर के पेड़ पत्तियों की जगह फूलों से लदे हुए रहते हैं। यह औषधीय गुणों से भी समृद्ध है।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश