Posted on 07 Nov, 2021 5:30 pm

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने श्री चंद्र शेखर वेंकटरमन की जयंती पर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निवास स्थित सभागार में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की।

भारतीय भौतिक-शास्त्री श्री चन्द्रशेखर वेंकटरमन का जन्म 7 नवम्बर 1888 को तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में हुआ था। प्रकाश के प्रकीर्णन पर उत्कृष्ट कार्य के लिये वर्ष 1930 में वे भौतिकी के प्रतिष्ठित नोबेल पुरस्कार से सम्मानित हुए। यह आविष्कार उनके ही नाम पर रमन प्रभाव के नाम से जाना जाता है। भारत सरकार द्वारा वर्ष 1954 में उन्हें भारत रत्न की उपाधि से विभूषित किया गया। वर्ष 1957 में उन्हें लेनिन शान्ति पुरस्कार प्रदान किया गया।

श्री चन्द्रशेखर वेंकट रमन ने 28 फरवरी 1928 को रमन प्रभाव की खोज की थी, जिसकी याद में भारत में इस दिन को प्रत्येक वर्ष 'राष्ट्रीय विज्ञान दिवस' के रूप में मनाया जाता है। उनका निधन 21 नवम्बर 1970 को बेंगलुरू में हुआ।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश