Posted on 06 Dec, 2021 3:16 pm

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुण्य-तिथि पर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निवास कार्यालय स्थित सभागार में उनके चित्र पर माल्यार्पण किया। पूर्व मंत्री श्री ओम प्रकाश धुर्वे ने भी पुष्पांजलि अर्पित की।

डॉ. बाबासाहब भीमराव अंबेडकर विधिवेत्ता, अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ और समाज-सुधारक थे। उन्होंने सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध अभियान चलाया तथा श्रमिकों, किसानों और महिलाओं के अधिकारों का समर्थन किया। वे भारतीय संविधान के जनक, स्वतंत्र भारत के प्रथम विधि एवं न्याय मंत्री तथा भारत गणराज्य के निर्माताओं में से एक थे। डॉ. अंबेडकर ने कहा था - "छुआछूत गुलामी से भी बदतर है।“ उन्हें भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सन 1990 में मरणोपरान्त सम्मानित किया गया था। डॉ. अंबेडकर का निधन 6 दिसम्बर 1956 को दिल्ली में हुआ। उनका जन्म 14 अप्रैल 1891 को महू (म.प्र.) सैन्य छावनी में हुआ था।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने डॉ. अंबेडकर का स्मरण करते हुए उनके शब्दों “भाग्य में नहीं, अपनी शक्ति में विश्वास रखो” का उल्लेख कर ट्वीट किया है - “भारत को दुनिया का सबसे सशक्त एवं उपयोगी संविधान देने वाले, राजनीतिज्ञ, श्रद्धेय बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर उनके चरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित करता हूँ। बाबा साहेब अंबेडकर की शिक्षाओं को आत्म-सात कर हम सब गरीबों, असमर्थों की उन्नति एवं प्रगति के लिए कार्य करें।“

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश