Posted on 11 Dec, 2021 3:49 pm

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने श्री बाला साहेब देवरस की जयंती पर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निवास कार्यालय स्थित सभागार में उनके चित्र पर माल्यार्पण किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने राष्ट्र सेवा और उत्थान के लिए समर्पित श्रद्धेय मधुकर दत्तात्रेय देवरस की जयंती पर ट्वीट किया- “ नि:स्वार्थ भाव से देश एवं मानवता की सेवा करने वाले महापुरुष के प्रखर विचार भावी पीढ़ियों को सदैव राष्ट्र उत्थान और जन-कल्याण के लिए प्रेरित करते रहेंगे।“

श्री बाला साहब देवरस राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तृतीय सरसंघचालक थे। श्री देवरस का जन्म 11 दिसंबर 1915 को नागपुर में हुआ। स्थाई रूप से उनका परिवार मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के आम गाँव के निकटवर्ती ग्राम कारंजा का था। उनकी संपूर्ण शिक्षा नागपुर में ही हुई। उन्होंने श्री गुरू जी के स्वर्गवास के बाद 6 जून 1973 को सरसंघचालक के दायित्व को ग्रहण किया। उनके कार्यकाल में संघ कार्य को नई दिशा मिली। उन्होंने सेवा कार्य पर बल दिया। परिणामस्वरूप उत्तर पूर्वांचल सहित देश के वनवासी क्षेत्रों में हजारों की संख्या में सेवा कार्य आरंभ हुए। नागपुर में 17 जून 1996 को उनका स्वर्गवास हुआ।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश