Posted on 18 Jul, 2022 3:38 pm

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने खरगोन जिले में खलघाट के पास हुई सड़क दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। दुर्घटना में करीब एक दर्जन लोगों के दिवंगत होने का समाचार है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रूपये की राहत राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री चौहान ने आज सुबह खलघाट में हुई बस दुर्घटना का तत्काल संज्ञान लिया। बस के खाई में गिर जाने की सूचना मिलते ही उन्होंने प्रशासन को शीघ्र पहुँचने के निर्देश दिए। बस को निकालने और उसमें फँसे लोगों के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन बिना विलंब शुरू हुआ। जिला प्रशासन के अधिकारी और संबंधित स्टाफ तत्काल घटना-स्थल पर पहुँचे। मुख्यमंत्री श्री चौहान के निर्देश पर किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री श्री कमल पटेल घटना-स्थल के लिए तत्काल रवाना हो गए हैं।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दुर्घटना स्थल पर एसडीआरएफ और आवश्यक संसाधन भेजने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री का खरगोन, धार और इंदौर जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क रहा। उन्होंने खरगोन कलेक्टर से फोन पर चर्चा कर रेस्क्यू ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री मनीष रस्तोगी और मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी भी रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान खरगोन, धार और इंदौर जिला प्रशासन के संपर्क में रहे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री एकनाथ शिंदे से फोन पर चर्चा की

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नर्मदा नदी में हुई बस दुर्घटना की जानकारी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री को भी दी। उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री शिंदे से कहा कि मध्यप्रदेश से सभी शव सम्मानपूर्वक महाराष्ट्र भेजे जाएंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने उन्हें प्रशासन के प्रयासों से भी अवगत कराया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि घटना की जाँच के निर्देश दिए गए हैं। महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री से भी उनकी चर्चा हुई है। शासन की ओर से प्रभावित परिवारों की पूरी सहायता की जाएगी।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश

Recent