Posted on 03 Nov, 2021 1:33 pm

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने दीपावली के पावन पर्व पर प्रदेश के नागरिकों को बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि देवी महालक्ष्मी से प्रार्थना है कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में सुख-समृद्धि लाएँ।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कोरोना काल में बहुत कठिनाइयाँ आई और अर्थ-व्यवस्था भी प्रभावित हुई। सभी लोगों के स्वास्थ्य की चिंता राज्य सरकार ने की। प्रदेश के सभी लोगों को कोरोना से बचाव की वैक्सीन का दूसरा डोज़ लगवाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करना ही हमारा उद्देश्य नहीं है, बल्कि सभी को सुरक्षा चक्र प्रदान करना भी है। इसके लिए जनता का सहयोग जरूरी है। मध्यप्रदेश ने गत डेढ़ वर्ष में विपरीत परिस्थितियों में विकास के अनेक क्षेत्र में कार्य कर दिखाया है। हम अनेक योजनाओं में देश में सबसे आगे हैं। दीप पर्व पर यह प्रसन्नता को बढ़ाने और हम सभी के लिए प्रेरणा का आधार भी है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा उनका संकल्प है कि अपना सम्पूर्ण सामर्थ्य देते हुए एक-एक क्षण प्रदेश के विकास के लिए लगाएंगे। पूरी क्षमता से कार्य कर प्रदेश की सेवा में संलग्न रहेंगे। कोई कसर नहीं छोड़ेंगे और समृद्ध एवं आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश के लिए प्रयासों की पराकाष्ठा करेंगे। पूरा विश्वास है कि जनता की भागीदारी, इन प्रयासों को सफल बनाएगी।

मिट्टी के दिए जलाएँ

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि चीन या अन्य देशों में बनी सामग्री और पटाखों का उपयोग न कर हमारे अपने कारीगरों के परिश्रम को सम्मान देते हुए स्वदेशी दीए और मूर्तियाँ उपयोग में लाई जाएँ। मिट्टी के दिए जलाने से हमारी त्यौहार मनाने की पुरानी परम्परा का ही निर्वाह नहीं होता बल्कि आमजन की इस पहल से छोटे-छोटे माटी शिल्पियों की जीविका को भी लाभकारी बनाने में मदद मिलती है। हमारे ऐसा करने से कुम्हारों को आर्थिक और मानसिक संबल मिलता है। कोई शक नहीं कि हमारे इन्हीं प्रयासों से कारीगरों की दीपावली भी सार्थक हो जाती है।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश