Posted on 09 May, 2022 7:25 pm

भोपाल के मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम में खेली जा रही 12वीं सीनियर नेशनल वुमन हॉकी चैंपियनशिप-2022 में मध्यप्रदेश की टीम ने सोमवार को अपनी दूसरी जीत दर्ज की। मध्यप्रदेश ने आज चंडीगढ़ को 5-1 से हराया, मध्यप्रदेश की टीम ने फील्ड गोल और पेनेल्टी कार्नर से 5 गोल किए। मध्यप्रदेश की मनीषा चौहान ने मैच के 20वें मिनिट में पेनेल्टी कार्नर से पहला गोल किया। सविता ने 26वें मिनिट में फील्ड गोल से दूसरा गोल किया। मध्यप्रदेश टीम की नीलू दादिया ने 30वें मिनिट में तीसरा गोल किया। मैच के 35वें मिनिट में चंडीगढ़ की प्रियंका ने अपनी टीम के लिए पहला गोल किया। मध्यप्रदेश की ज्योति पाल ने 57वें मिनिट में फील्ड गोल कर चौथा गोल किया और 60वे मिनिट में मध्यप्रदेश टीम की कप्तान नीरज राणा ने पाँचवां गोल कर मध्यप्रदेश को जीत दिलायी।

महिला हॉकी के चौथे दिन हरियाणा की हॉकी टीम ने असम को 7 के मुकाबले 1 गोल से हराया। पंजाब ने छत्तीसगढ़ को 6-0 से, महाराष्ट्र ने राजस्थान को 4-0 से और झारखंड ने एक तरफा मैच खेलते हुए 10-0 से आंध्र प्रदेश को परास्त किया।

भोपाल के मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम में खेली जा रही 12वीं सीनियर नेशनल वुमन हॉकी चैंपियनशिप में मंगलवार 10 मई को 2 मैच खेले जाएंगे। सुबह 7 बजे हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा और केरल के बीच और 8:45 बजे तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश के मध्य मुकाबले होंगे।

साभार – जनसम्पर्क विभाग मध्यप्रदेश